विधायक को पुलिस ने जूते से मारा, भारी हंगामे के बीच बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक पेश हुआ
पटना
विधानसभा में मंगलवार को भारी हंगामे के बीच बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक पेश हुआ। नीतीश कुमार मुर्दाबाद के नारे लगाए गए, जिसके बाद सदन को स्थगित कर दिया गया। लालू प्रसाद यादव ने भी ट्वीट करके नीतीश सरकार को घेरा है। तेजस्वी यादव ने कहा कि सदन के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब पुलिस सदन के अंदर आई। एसपी और डीएम मौजूद थे, डीएम ने खुद विधायकों को सदन से घसीटकर बाहर किया, ये काला दिन है। तेजस्वी ने कहा कि लाखों लोग विधायकों को चुन कर भेजते हैं, किसी महिला विधायक के बाल खींचे गए तो किसी विधायक को लात और जूते से मारा गया।
इस बीच विधानसभा के बाहर का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस द्वारा विधायक को जूते से मारा गया है। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक पर विरोध बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक का मंगलवार को विपक्ष ने सदन में जमकर विरोध किया। इस विधेयक को लेकर सदन के अंदर जबरदस्त हंगामा हुआ। विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक 2021 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहीं महिला विधायक विधानसभा अध्यक्ष के आसन के पास पहुंच गईं। हंगामे को देखते हुए महिला पुलिस बुलाकर विधायकों को बाहर किया गया। स्थिति संभालने के लिए सादे लिबास में पुलिस कर्मियों को विधानसभा के अंदर तैनात किया गया है।

पाठको की राय